Bharat Bulletin

अन्य

आईआईटी रुड़की में ‘वेंचर वॉल्ट 2026’ का आयोजन, युवा नवोन्मेषकों को मिले 5.80 लाख रुपये के पुरस्कार

(ओमबीर सिंह) रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने प्रिसर्व इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से ‘एलुमनाई-लेड वेंचर वॉल्ट 2026’ का आयोजन किया। संस्थान के स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों के नवाचारपूर्ण विचारों को व्यावहारिक उद्यमों में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Kapil Kumar ·

आईआईटी रुड़की में ‘वेंचर वॉल्ट 2026’ का आयोजन, युवा नवोन्मेषकों को मिले 5.80 लाख रुपये के पुरस्कार

कार्यक्रम में 100 से अधिक नवाचार आधारित विचार प्राप्त हुए, जिनमें से 12 टीमों को अंतिम चरण के लिए चयनित किया गया। फाइनल में प्रतिभागियों ने विनिर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में अपने समाधान प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में टीम स्टैम्प्ड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.50 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वहीं टीम फ्रेस्को को एक लाख रुपये का प्रथम उपविजेता पुरस्कार मिला। टीम जलएआई और टीम मॉस्नोवा संयुक्त रूप से द्वितीय उपविजेता रहीं, जिन्हें 75-75 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा शेष आठ फाइनलिस्ट टीमों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इस प्रकार कुल 5.80 लाख रुपये के पुरस्कार वितरित किए गए।

कार्यक्रम में प्रिसर्व इंफ्रा के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ कमल गोयल मुख्य अतिथि तथा आर्सेलरमित्तल के उपाध्यक्ष संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि संस्थान नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसी पहलें युवाओं को अपने विचारों को प्रभावशाली समाधानों में बदलने और उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

आयोजन के माध्यम से संस्थान के पूर्व छात्रों, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और युवा नवोन्मेषकों के बीच सहयोग एवं मार्गदर्शन को बढ़ावा मिला।

संबंधित समाचार