हरिद्वार (कपिल कुमार) । कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग कर रही है। मेला क्षेत्र, प्रमुख कांवड़ मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार हवाई निगरानी की जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
ड्रोन से मिलने वाले लाइव दृश्य कंट्रोल रूम तक पहुंच रहे हैं, जहां अधिकारी पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। कहीं भी भीड़ का अत्यधिक दबाव, यातायात बाधित होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि ड्रोन तकनीक के उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है तथा भीड़ प्रबंधन में भी काफी सहायता मिल रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लें।