अन्य

भैंस खरीदने निकले युवक से एक लाख की लूट का खुलासा, पुलिस ने चार और आरोपियों को दबोचा

(कपिल कुमार) हरिद्वार l भैंस खरीदने के लिए नकदी लेकर निकले युवक से एक लाख रुपये की लूट के मामले का लक्सर पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए घटना में शामिल चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक महिला आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित को भैंस खरीदने भेजने वाली परिचित महिला ने ही आरोपियों को उसके पास नकदी होने की सूचना दी थी।

Kapil Kumar ·

भैंस खरीदने निकले युवक से एक लाख की लूट का खुलासा, पुलिस ने चार और आरोपियों को दबोचा

पुलिस के अनुसार ग्राम सिहचंदी, थाना भगवानपुर निवासी इमरान ने 20 जुलाई को कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को चार अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देकर एक लाख रुपये लूट लिए थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय स्तर पर मैनुअल जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए पहले 28 जुलाई को एक महिला आरोपी को लूटी गई रकम के साथ गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीम ने लगातार दबिश और सघन तलाश अभियान चलाते हुए 31 जुलाई को चार अन्य आरोपियों को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई धनराशि भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में आरोपियों पर लूट के साथ-साथ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।