जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित गुर्जर डेयरी पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लगभग 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर और मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट बरामद किए गए।
जांच के दौरान डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर निर्माण में दूध पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और दूध के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया। वहीं शेष लगभग 49 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि डेयरी संचालक रिटेल लाइसेंस पर ही दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था, जो नियमों के विपरीत है। अनियमितताएं मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत डेयरी संचालक इमादत अली और उनके भाई सराफत अली को नोटिस जारी किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा, खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन सहित पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।