हरिद्वार (कपिल कुमार) l कांवड़ मेला 2026 के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन टीमों के माध्यम से चंडीघाट, मंगलौर और रोडीबेलवाला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 42 ढाबों, होटलों, रेस्तरां और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान, 12 खाद्य नमूने (दूध उत्पाद, मसाले, पनीर, लाल मिर्च पाउडर और कार्बोनेटेड पानी) परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए। चंडीघाट क्षेत्र में खाद्य लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित न करने पर 5 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि बिना लेबल और तारीख वाले बेकरी उत्पादों के 12 पैकेट हटा दिए गए। खाद्य व्यापारियों को बासी भोजन नहीं बेचने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, रेट लिस्ट लगाने, खरीद बिल सुरक्षित रखने तथा साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.