अन्य

ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो बदमाश अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार

(ओमबीर सिंह) हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने दो आरोपितों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इनमें से एक आरोपित सोशल मीडिया पर खुलेआम लोगों को धमकियां देकर दहशत फैलाने का भी प्रयास कर रहा था।

Kapil Kumar ·

ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो बदमाश अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक झबरेड़ा ने पुलिस टीम गठित की। दिनांक 05 अगस्त 2026 को इकबालपुर-तांशीपुर रोड स्थित हीराहेड़ी मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने शुभम पुत्र सुभाष कुमार निवासी भिस्तीपुर, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार तथा शिवम पुत्र प्रताप निवासी ग्राम मझौल, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे एवं .315 बोर के 02 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित शिवम के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शुभम के विरुद्ध भी आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।