इसके बाद पुलिसकर्मियों, सेना के जवानों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने घाट एवं आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। संयुक्त प्रयासों से करीब 6 टन कचरा एकत्रित किया गया, जिसमें प्लास्टिक के साथ-साथ सूखा एवं गीला कचरा शामिल था। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए भेजा गया। अभियान के दौरान पुलिस और सेना के जवानों ने कंधे से कंधा मिलाकर स्वच्छ गंगा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से राष्ट्र एकता, नागरिक कर्तव्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया गया।
सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने कहा कि गंगा सहित हमारी प्राकृतिक एवं सार्वजनिक धरोहरों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। हरिद्वार पुलिस ने अभियान में सहयोग के लिए सेना के जवानों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में निरंतर सहयोग का संकल्प दोहराया।