इसी दौरान मौसम ने भी श्रद्धालुओं का साथ दिया। हल्की वर्षा ने मानो देवताओं की ओर से शिवभक्तों का अभिनंदन कर दिया। श्रद्धालुओं ने इसे भगवान भोलेनाथ और प्रकृति का विशेष आशीर्वाद मानते हुए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ "हर-हर महादेव" तथा "हर-हर गंगे" के जयघोष लगाए। हरकी पैड़ी पर मौजूद श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर जलाभिषेक के लिए गंगाजल भरा और अपनी धार्मिक यात्रा आगे बढ़ाई। घाटों पर भक्ति, अनुशासन और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था और आनंद साफ झलक रहा था। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
हर-हर महादेव!
हर-हर गंगे!