उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेला कंट्रोल रूम में स्थापित अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने राज्यपाल को कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जानकारी दी।
राज्यपाल ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं तथा आवश्यकता के अनुसार संसाधनों और मानवबल की पर्याप्त तैनाती की जाए।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेकर इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया।
राज्यपाल ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मशीनयुक्त सफाई व्यवस्था के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित कर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सभी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में समुचित ब्रीफिंग देने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई की जा सके। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित किए जाने की भी बात कही।
राज्यपाल ने कांवड़ मेले के संचालन में आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन में एआई महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
निरीक्षण के बाद राज्यपाल हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना एवं आरती में सहभागिता की। उन्होंने मां गंगा से कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं सफल संचालन के साथ प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी संचार विपिन कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर कुंभ मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक बीपेंद्र कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।